नाच उठे संसार !!!

अभी कुछ महीनों  पहले एक छोटी सी लड़की का डांस करते हुए व्हिडिओ  वायरल हुआ था। राम नवमी या दशहरे के समय, जब पार्श्व संगीत बज रहा है, तो यह बच्ची  सब कुछ भूल कर  नृत्य करती हुई दिखाई देती है। वैसे मैंने यह विडीओ ऊपर दिया है ।आप भी देखकर आनंदित हों !!!

मुझे ऐसा लगा की यह लड़की हमें सिखा रही है कि  नृत्य का  सात्विक आनंद कैसे लें । शायद उसकी  उम्र लगभग तीन या चार साल की होगी। खास बात यह है कि जब उसे नाचते हुए देखा गया तो उसके आसपास के लोग भी हंसते हुए  देखे जा सकते  हैं ।  लगभग एक मिनट का यह विडीओ है  नृत्य करते समय इस गुड़िया के चेहरे पर  खुशी स्पष्ट दिखाई  देती है।  मैं इस वीडियो को समय-समय पर देखता हूं....  अच्छा लगता है ।  

अब आप YouTube पर इस तरह के बहुत सारे वीडियो देख सकते हैं। कुछ साल पहले, केरल में कॉलेज की लड़कियों ने ' जीमकी  कैमल' गाने पर नृत्य किया और वीडियो बहुत लोकप्रिय हुआ।  उस व्हिडिओ को  नीचे देखें .. 


जब से हमारे  फोन में कैमरा लग कर आया है इस तरह के मजेदार दृश्यों को कैद करना आसान हो गया है ।  आप गाने, नृत्य, भाषण, वीडियो कॉलिंग या उपरोक्त किसी भी तरह की छोटी यादों को कैप्चर कर सकते हैं।

आपके द्वारा किया गया मनपसंद कार्य आपके चेहरे पर खुशी  अपने आप प्रकट करता है।   लेकिन सच कहूं तो मुझे लोगों को 'डांस' करते हुए देखने में  बहुत मजा आता है। 

मेरे दोस्तों में कई  कलाकार हैं, लेकिन मुझे केवल सिर्फ एक दोस्त  की नृत्य की प्राकृतिक शैली हमेशा याद आती है ।  संदल की धुन पर  यह बंदा  अपना सारा काम छोड़ दिया और नाचना शुरू कर देता था  महाविद्यालय में पढ़ते समय  हम सबने खूब मजे किए हैं।  

यहाँ मैं मेरे भिलाई सेक्टर ५ स्कूल का किस्सा बताना चाहूँगा।   तब श्री देवदास बंजारे  की टीम 'पंथी नृत्य' सिखाने के लिए स्कूल आती थी। इन्हे  हम टीवी पर भी देखते थे। श्री देवदासजी की  नृत्य  शैली अद्भुत थी ।  उन्होंने इस पंथी नृत्य को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया। 

हमारे स्कूल के  वार्षिकोत्सव में पंथी नृत्य का मंचन किया गया था। काफी  ऊर्जा से भर यह नृत्य था । इस नृत्य का मेरे साथी दोस्तों ने अच्छा खासा अभ्यास किया था।

जिस दिन इसका मंचन किया गया उस दिन श्री देवदास बंजारे प्रत्यक्ष उपस्थित  थे।  उन्होंने इस नृत्य का एक छोटा सा  परिचय देते हुए कहा था कि पंथी नृत्य सतनाम के अनुयायियों  अर्थात सतनामियों के द्वारा किया जाने वाला नृत्य है जिसमे नृत्य करते हुए गुरु की महिमा गुरु के उपदेशों का बखान गाकर किया जाता है।  गुरु घासीदास  द्वारा दिये उपदेश इस नृत्य के माध्यम से लोगों तक पहुँचाये  जाते हैं।

इतने वर्षों बाद जब भिलाई की याद आती है तो मैं यूट्यूब पर पंथी नृत्य के व्हिडिओ अवश्य देखता हूँ।  

अभी हाल ही मैं २६ अगस्त  को श्री देवदास बंजारे जी की पुण्यतिथि थी।  उनकी स्मृति को सादर नमन करते हुए उसी  नृत्य का एक व्हिडिओ साझा कर रहा हूँ …. कृपया  आनंद लें।

                                       


मैं नृत्य का अभ्यासक नहीं हूँ , लेकिन मुझे स्वाभाविक रूप से नृत्य करने वाले लोग पसंद हैं। मुझे लगता है कि कुछ लोगों पर ईश्वर की कृपया है जिन्हे हम नृत्य करते हुए जब देखते हैं तो आनंद मिलता है । 

फिल्म अभिनेताओं की बात करें तो भगवान दादा, शम्मी कपूर और गोविंदा मेरे लिए भगवान हैं। एक  किस्सा है, जब सनम तेरी कसम की शूटिंग चल रही थी, तब  कमल हासन ने पहली बार भगवान दादा से मुलाकात की, तो सबसे पहले उनके चरण छूए ।  जब भगवान दादा ने उनसे पूछा कि उन्होंने ऐसा क्यों किया ? तो कमल हासन ने उनसे कहा कि मेरे गुरु ने मुझसे कहा था कि अगर तुम उनसे मिले तो आशीर्वाद लेना । 

यह सच है कि जब आप भगवान दादा, शम्मी कपूर और गोविंदा को नाचते हुए देखते हैं, तो आपको एहसास होता है कि उन्हें कितना मज़ा आता है। वे इसका आनंद लेते हैं और आपके लिए, यह एक अद्भुत अनुभव होता है ।

वर्तमान में  यह गाना  बहुत लोकप्रिय हो गया है  ' गाड़ीवाला  आया घरसे  कचरा  निकाल ' .... और गीत बहुत मज़ेदार है। उसकी लय ऐसी है कि बरबस आपके पाँव थिरकने लगते हैं .... लेकिन  संभाल के भाई .... कहीं नाचते नाचते  कचरा गिरा  मत देना  !!!


अमित नासेरी 

Comments

Popular posts from this blog

मनात दरवळणारा ‘औरा पार्क’ !!!

Pure -> Divine ->Holy - > Aura Park

Camp Cherry Farm, Ramtek - Part 1